नशे में धुत्त बाइक सवार ने कोचिंग जा रही दो छात्राओं को मारी टक्कर, चार लोग घायल

 




सुपौल, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भीमनगर वार्ड संख्या 13 में शनिवार को एक सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक बाइक चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। इसी दौरान कोचिंग पढ़ने जा रही दो छात्राओं को उसने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों छात्राएं, एक अन्य छात्र तथा बाइक चालक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बाइक चालक की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक चालक नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र