घर में आज था रिसेप्शन का भोज, इधर सड़क दुर्घटना में भाई की मौत
मधेपुरा, 08 जुलाई (हि.स.)। बिहार में मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बैजनाथपुर-लिटियाही सड़क को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने और यातायात बहाल कराने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा वार्ड-4 निवासी श्रवण यादव का बेटा अभिषेक कुमार (18) और उसका चचेरा भाई दीपक कुमार (23) बुधवार सुबह करीब 9 बजे बाइक से गम्हरिया बाजार जा रहे थे। दोनों घर में होने वाले रिसेप्शन के लिए भोज का सामान खरीदने निकले थे। बताया गया कि दीपक कुमार की शादी 6 जुलाई को हुई थी। बुधवार को उसके रिसेप्शन का भोज आयोजित होना था।
घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर बैजनाथपुर-लिटियाही सड़क पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिषेक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर करीब एक किलोमीटर तक भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है। शादी की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar