नवादा के सात निजी अस्पताल सूचीबद्ध, अग्रिम भुगतान की जरूरत नहीं

 


नवादा, 22 अक्टूबर (हि.स) सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अब इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अधिकतम डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए नवादा जिले के सात निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। इसके अलावा जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।

योजना का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण घायलों के उपचार में होने वाली देरी को रोकना और उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय, नवादा में सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों की बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोटर वाहन से हुई सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तिथि से सात दिनों की अवधि तक अधिकतम डेढ़ लाख रुपये का कैशलेस उपचार मिलेगा। इसके लिए घायल या उसके परिजनों को अस्पताल में अग्रिम भुगतान नहीं करना होगा।

112 पर दें सूचना, अस्पताल में शुरू होगा इलाज

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल 112 नंबर पर सूचना देकर घायल को नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाना चाहिए। अस्पताल में भर्ती करने के साथ ही उपचार शुरू किया जाएगा और टीएमएस 2.0 पोर्टल पर ट्रीटमेंट आईडी बनाई जाएगी। दुर्घटना से संबंधित जानकारी पुलिस के ई-डीएआर सिस्टम को भी भेजी जाएगी।

इसके बाद पुलिस अधिकारी दुर्घटना, उसमें मोटर वाहन की संलिप्तता और पीड़ित की पहचान का सत्यापन करेंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

नवादा के सात निजी अस्पतालों में मिलेगी सुविधा

जिले में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मनोहर मेमोरियल हॉस्पिटल, संगत रोड रजौली (9934690900); अभिनव आई केयर सेंटर, स्टेडियम के दक्षिणी गेट संख्या-4 के सामने, नवादा (7717706096); नेत्र निदान आई हॉस्पिटल, इंटर हाई स्कूल, कन्हाई के पास, नवादा (9308806129); मेट्रो हॉस्पिटल, पार नवादा, नवादा-गया रोड (9835066950); मेडिकेयर गायनी एवं स्टोन हॉस्पिटल, हॉस्पिटल रोड, सिन्हा भवन (7992322475); धर्मशिला देवी हॉस्पिटल, आईटीआई के पास, केंदुआ, पटना बाईपास (8809732200) तथा आदित्य आई हॉस्पिटल, नवीनगर, वार्ड संख्या-14, हरिश्चंद्र स्टेडियम के पास, गोदापुर (8789332250) शामिल हैं।

प्रशासन ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन