सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
अररिया 06 जून(हि.स.)।
फारबिसगंज-अररिया मुख्य मार्ग एनएच 27 फोरलेन सड़क में लाइन चौक के पास एक बाइक सवार और ट्रक के बीच शनिवार को आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई।
बाइक सवार मृतक की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र के खमकौल वार्ड संख्या दो निवासी 40 वर्षीय रविन्द्र मंडल पिता हरिहर मंडल के रूप में की गई।घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने करीबन दो घंटे तक सड़क जाम कर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क मरम्मती को लेकर कट के पास किसी तरह का टर्निंग का विभाग की ओर से निशान नहीं लगाया गया,जिसके कारण इस तरह का हादसा हुआ।
घटना की जानकारी के बाद मौके पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी,एसडीपीओ राजकिशोर कुमार,सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती,सीओ पंकज कुमार,एसआई शिवकुमार पासवान सहित भाजपा नेता दिलीप पासवान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क को जाम से मुक्त कराया।मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।मौके पर मृतक रविन्द्र मंडल की पत्नी ममता देवी समेत अन्य लोगों के पहुंचने पर रुदन क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।मृतक को दो पुत्र है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर