उद्घाटन के चंद दिनों में ही सदर अस्पताल के नए आईसीयू का एसी खराब

 


किशनगंज, 08 अगस्त (हि.स.)। किशनगंज सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के प्रशासनिक दावों पर सवाल उठने लगे हैं। पांच अगस्त को बड़े तामझाम के साथ शुरू किए गए 10 बेड वाले नए आईसीयू वार्ड का एयर कंडीशनर कुछ ही दिनों में खराब हो गया।

आईसीयू जैसी संवेदनशील जगह पर एसी बंद रहने से भर्ती गंभीर मरीजों को गर्मी और उमस में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अव्यवस्था का आलम यह है कि मरीजों के परिजनों को राहत के लिए खुद वैकल्पिक इंतजाम करना पड़ रहा है। डुमरिया निवासी सनातन कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब तीन दिन पहले अपने नाना कुशेश्वर दास को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था। उनका कहना है कि आईसीयू का एसी बंद होने के बाद कमरे में गर्मी और घुटन बढ़ गई।

इससे मरीज की परेशानी भी बढ़ने लगी।

परिजन के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन की ओर से तत्काल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इसके बाद उन्हें मजबूरी में अपने घर से स्टैंड फैन लाकर आईसीयू में मरीज के पास लगाना पड़ा। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए आईसीयू में इस तरह की स्थिति सामने आने से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

10 बेड वाले इस नए आईसीयू का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार और स्थानीय विधायक कमरुल होदा ने संयुक्त रूप से किया था। उद्घाटन के दौरान गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उन्हें इलाज के लिए सिलीगुड़ी व पूर्णिया जाने की जरूरत नहीं पड़ने का दावा किया गया था।

लेकिन उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद एसी खराब होने और वैकल्पिक कूलिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आईसीयू की कूलिंग व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह