छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर अभाविप ने भागलपुर के महाविद्यालयों में किया प्रदर्शन
भागलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। छात्राओं की सुरक्षा एवं सम्मान के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने गुरुवार को शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में जोरदार प्रदर्शन किया। अभाविप के नेतृत्व में मारवाड़ी महाविद्यालय, टीएनबी महाविद्यालय एवं एसएम महाविद्यालय के परिसरों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने कॉलेज परिसरों में अपनी सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने मांग की कि शैक्षणिक संस्थानों के भीतर छात्राओं के लिए एक सुरक्षित, गरिमापूर्ण और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए। आंदोलनकारी छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने साफ तौर पर कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और उनकी गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर अभाविप के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासनों को सचेत करते हुए कहा, छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान किसी भी शैक्षणिक संस्थान की मूल जिम्मेदारी है। छात्राएं बिना किसी डर के महाविद्यालय आ सकें और अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें, इसके लिए परिसर में मजबूत और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करना बेहद जरूरी है। छात्राओं की आवाज को दबाने के बजाय प्रशासन को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर तुरंत समाधान निकालना चाहिए। अभाविप छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई में सदैव उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में सोहम शुभम, नवीन, कुणाल, अवनीश कश्यप, चुनमुन सिंह, मृणाल, मिलन, आलोक, टिंकू, साक्षी, मेहविश, सुमित, प्रेम, अमन, निधि, अपराजिता, इशिका, साक्षी, प्रिया, अन्नु, तेजु, अंजलि, आशीष, दिव्यांशु और सोनू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभाविप कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर