दरभंगा में 09 अगस्त को अभाविप की 'रन फॉर नेशन' महा मैराथन

 


दरभंगा, 07 अगस्त (हि.स.)।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं यशवंतराव केलकर जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर खेलो भारत अभियान के तहत आगामी 09 अगस्त को दरभंगा में भव्य रन फॉर नेशन महा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, सामाजिक समरसता तथा फिट इंडिया की भावना को प्रोत्साहित करना है।

अभाविप के प्रांत संयोजक सत्यम झा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीकरण 08 अगस्त तक जारी रहेगा। इस बार बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा रहे हैं।

मैराथन में पुरुष वर्ग के लिए पांच किलोमीटर तथा महिला वर्ग के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। विजेताओं को साइकिल, स्मार्ट वॉच, स्पोर्ट्स शूज़, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र सहित आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शीर्ष 50 प्रतिभागियों को मेडल और सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।

प्रांत विधि कार्य संयोजक राहुल सिंह ने बताया कि मैराथन का शुभारंभ कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर से होगा। विभाग संयोजक मनोज मिश्रा ने कहा कि सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, यातायात व्यवस्था एवं स्वयंसेवकों से संबंधित सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

जिला संयोजक आदित्य आनंद ने युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस राष्ट्रहित के आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra