पर्चे और मेडिकल रिपोर्ट के झंझट से मिलेगी मुक्ति, जिले में हर नागरिक का बनेगा आभा कार्ड

 

कटिहार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के प्रत्येक नागरिक को आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए शत-प्रतिशत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शेष बचे 16,96,916 नागरिकों का पंजीकरण जल्द से जल्द पूरा कराने का सख्त निर्देश दिया है।

54 फीसदी लक्ष्य पूरा, 16.96 लाख शेष

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 37,02,801 नागरिकों का आभा आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरुद्ध अब तक 20,05,885 नागरिकों का पंजीकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 54 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने शेष बचे लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर हासिल करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास, जीविका, जिला आपूर्ति कार्यालय और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है।

14 अंकों का डिजिटल रिकॉर्ड, कागजी पर्चों से मुक्ति

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत प्रत्येक नागरिक का 14 अंकों का एक यूनिक डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने से मरीजों को किसी भी अस्पताल में इलाज के दौरान पुराने कागजी पर्चे या मेडिकल जांच रिपोर्ट साथ लेकर चलने की बाध्यता समाप्त हो जाएगी। डॉक्टर एक क्लिक पर मरीज का पूरा मेडिकल इतिहास देखकर तुरंत सही उपचार शुरू कर सकेंगे। यह कार्ड देशभर के सभी संबद्ध सरकारी व निजी अस्पतालों में मान्य होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह