पुणे से बरामद हुई अपहृत नाबालिग, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
किशनगंज, 24 मई (हि.स.)। शहर के छैतन टोला वार्ड संख्या 19 से अपहृत एक नाबालिग लड़की को किशनगंज पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस टीम नाबालिग और आरोपी को लेकर किशनगंज पहुंची।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भुसावल स्थित जामनगर रोड निवासी राकेश चित्तोरिया के रूप में हुई है। वह बच्चु सिंह चित्तोरिया का पुत्र बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता बंजारा समाज से संबंधित है। जानकारी के मुताबिक, घटना 7 मई की है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर सदर थाना में कांड संख्या 489/26 दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि उनका परिवार 6 मई को गुवाहाटी से किशनगंज पहुंचा था और शहर में एक खाली स्थान पर डेरा डालकर रात बिता रहा था। आरोप है कि 7 मई की रात करीब दो बजे सात से आठ की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने परिवार की दो नाबालिग लड़कियों को जबरन एक सफेद बोलेरो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान आरोपियों ने परिवार के बैग में रखे करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य सामान भी लूट लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर महाराष्ट्र के पुणे में छिपा हुआ है। इसके बाद किशनगंज पुलिस की एक विशेष टीम महाराष्ट्र रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा मुख्य आरोपी राकेश चित्तोरिया को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, बरामद नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह