आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त को लेकर डीएम सख्त

 


अररिया 09 जून(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने जिले में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर जिला स्तर के अधिकारियों की अलग अलग टीम गठित की है। जिसके द्वारा मंगलवार को जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच की गई।

सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लाभुकों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पदाधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान केंद्रों के नियमित संचालन, सेविका एवं सहायिका की उपस्थिति, 3 से 6 वर्ष के बच्चों की उपस्थिति, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दी जाने वाली सेवाओं, टेक होम राशन के एफआरएस के माध्यम से वितरण, पोषाहार मेनू के प्रदर्शन, बच्चों के लिए तैयार गर्म पके भोजन की गुणवत्ता तथा केंद्र भवन की साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों ने आंगनबाड़ी के माध्यम से संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक ससमय पहुंचने का निर्देश दिये।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर