भीषण अग्निकांड: लाखों की संपत्ति राख, चार बकरियों व कई पालतू पशुओं की मौत
मधेपुरा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मधेपुरा जिले के शंकरपुर प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की रात एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
शंकरपुर थाना क्षेत्र के गिद्दा पंचायत अंतर्गत कजरा कामत वार्ड संख्या 10 में शनिवार देर रात करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। उस समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे।
यह आग गृहस्वामी मो. इस्लाम के फूस और लार-पतवार से बने घर में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटों में चार बकरियां और उनके बच्चे (नेमने) सहित करीब आधा दर्जन पालतू पशु झुलसकर मर गए। पशुओं की चीख-पुकार से पूरा माहौल दहल उठा।
अग्निकांड में घर में रखा रूई धुनने वाला लाखों रुपये का मशीन, कपड़े, बर्तन, बिछावन, अनाज और अन्य जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। परिवार की वर्षों की जमा पूंजी कुछ ही पलों में खत्म हो गई।
आग की ऊंची लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने बाल्टी, मोटर और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि सब कुछ जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, मगर तब तक आग पूरे घर को निगल चुकी थी।
गृहस्वामी मो. इस्लाम ने बताया कि यह हादसा बिजली के शॉर्ट सर्किट से हुआ। उस वक्त परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक आग की लपटें उठीं तो ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
इस भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने अंचलाधिकारी राहुल कुमार से शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar