रैयतों को मुआवजे के लिए दिघवारा में दो दिनों का विशेष शिविर का होगा आयोजन:डीएम
सारण, 09 अप्रैल (हि.स.)। दिघवारा शेरपुर-दिघवारा परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दिघवारा पहुँचकर परियोजना के निर्माण स्थल का आज निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों और संवेदक से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय जमीन मालिकों के भू-अर्जन मुआवजे के भुगतान में हो रही देरी और संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैयतों की समस्याओं के त्वरित निवारण और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए दो दिनों का विशेष कैंप आयोजित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुआवजे की प्रक्रिया पारदर्शी और बाधा रहित होनी चाहिए ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
इसके साथ ही, डीएम ने एनएचएआई के अभियंताओं और संवेदक प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि वे कार्यबल बढ़ाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करें।
उन्होंने कहा कि रिंग रोड क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिघवारा, अंचल अधिकारी दिघवारा सहित एनएचएआई के कई तकनीकी अधिकारी और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार