पटाखे की चिंगारी से कपड़े की दुकान की चौथी मंजिल पर लगी आग

 


किशनगंज, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के दौरान पटाखे की चिंगारी से रविवार देर रात शहर के नेमचंद रोड स्थित एक कपड़े की दुकान की ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लग गई।

दुकान की चौथी मंजिल से उठती आग की लपटों और धुएं के घने गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली के अवसर पर लोग पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान निकली एक चिंगारी कपड़े की दुकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे वहां आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चौथी मंजिल से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

कुछ ही देर में घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए एक छोटी और दो बड़ी दमकल गाड़ियों को लगाया गया।अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों और इमारत के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।

अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रदेव कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। एक छोटी और दो बड़ी गाड़ियों की मदद से काफी प्रयास के बाद आग बुझाई गई। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद काफी देर तक नेमचंद रोड में लोगों की भीड़ जुटी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह