सहकार से समृद्धि की दिशा में बड़ा कदम, भागलपुर की 728 सहकारी समितियाँ सक्रिय

 


भागलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा लोकसभा में सहकारिता क्षेत्र को लेकर पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या-438 का उत्तर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने संसद में लिखित रूप से दिया है। इस उत्तर से यह स्पष्ट हुआ है कि केंद्र सरकार सहकारिता को मजबूत बनाने और किसानों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकार से समृद्धि के संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है। इसका सीधा लाभ भागलपुर सहित पूरे बिहार के किसानों, पशुपालकों और मत्स्य पालकों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अनुसार भागलपुर जिले में कुल 788 सहकारी समितियाँ पंजीकृत हैं, जिनमें से 728 समितियाँ पूरी तरह सक्रिय हैं। यह दर्शाता है कि जिले में सहकारिता व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।

सांसद ने बताया कि प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार देशभर में कंप्यूटरीकरण का अभियान चला रही है। इस योजना के लिए बिहार को अब तक 53.90 करोड़ की केंद्रीय सहायता जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी पैक्स को डिजिटल माध्यम से राज्य सहकारी बैंक, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और नाबार्ड से जोड़ा जा रहा है। इससे किसानों को ऋण, सरकारी योजनाओं और अन्य सहकारी सेवाओं का लाभ अधिक तेज़ी, पारदर्शिता और सुविधा के साथ मिलेगा। श्री मंडल ने बताया कि सरकार का लक्ष्य हर पंचायत तक सहकारिता की पहुंच सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं के डिजिटलीकरण से पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी, बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर