किशनगंज में छात्र-छात्राओं ने लिया बिहार को नशामुक्त बनाने का संकल्प
किशनगंज, 27 अक्टूबर (हि.स.)। “हमने यह ठाना है, बिहार को नशामुक्त बनाना है” के गगनभेदी नारों के बीच मंगलवार को मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में नशामुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ किया गया। 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने विद्यार्थियों को अभियान की सफलता में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों से परिवार और समाज को बचाने तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। “अपनी बिटिया करे पुकार, पापा मदिरा है बेकार”, “नशे का जो हुआ शिकार, उजड़ा उसका घर-परिवार” और “हर घर-घर की यही पुकार, नशामुक्त हो अपना बिहार” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा। विद्यार्थियों ने शपथ लेकर संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, नशे से संबंधित कानूनों का पालन करने तथा परिवार, मित्रों और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि मादक पदार्थों और अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की सूचना विभाग के टोल-फ्री नंबर 1933, 15545 और 180003456268 पर दी जा सकती है। मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात एवं साइबर पुलिस उपाधीक्षक, उत्पाद अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कॉलेज के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त और जागरूक बिहार का निर्माण करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह