मनाया गया परिवार नियोजन दिवस, महिलाओं को किया गया जागरूक

 


बेगूसराय, 21 सितम्बर (हि.स.)। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को परिवार नियोजन दिवस मनाया गया। जिसका शुभारंभ सिविल सर्जन डाॅ. प्रमोद कुमार सिंह ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर राजवाड़ा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य बरौनी में किया। इसके बाद जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन दिवस मनाया गया।

जहां गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। वहीं, परिवार नियोजन अभियान को बढ़ावा देने के लिए जागरूक भी किया गया। इस दौरान परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधन की विस्तृत जानकारी तथा इस साधन को अपनाने से होने वाले फायदे की जानकारी भी महिलाओं को दी गई। सिविल सर्जन डाॅ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि समाज के हर तबके के सभी परिवार को गुणवत्तापूर्ण जिंदगी जीने के लिए परिवार नियोजन के साधन को अपनाना बेहद जरूरी है।

तभी हम गुणवत्तापूर्ण जिंदगी जी सकते हैं, बच्चे को उचित परवरिश एवं अच्छी शिक्षा दे सकते हैं। छोटा और सीमित परिवार के लिए परिवार नियोजन के साधन को अपनाना सबसे पहली नींव है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन दिवस के अवसर पर आयोजित शिविर के दौरान योग्य और सक्षम इच्छुक लाभार्थियों को परिवार नियोजन के साधन को अपनाने के लिए प्रेरित भी किया गया है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शहरी स्वास्थ्य केंद्र के साथ जिले के चिह्नित हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर पर भी प्रत्येक माह के पहले बुधवार को परिवार नियोजन दिवस का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र