मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

 


पटना, 29 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिता और स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर मंगलवार को पैतृक गॉव कल्याण बिगहा जाकर ‘कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका’ में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही माता स्वर्गीय परमेश्वरी देवी एवं धर्मपत्नी स्वर्गीय मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कल्याण बिगहा के भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना की। कल्याण बिगहा एवं आसपास के लोग मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रफुल्लित थे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्यायें सुनीं और उसके समाधान के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार, उनके परिजन, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गॉधी, विधायक जीतेन्द्र कुमार, पूर्व विधान पार्षद डॉ रणवीर नंदन सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक लोगों ने कविराज रामलखन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द