भागलपुर में 98 लाख का शिक्षक वेतन घोटाला: निगरानी जांच शुरू, अब तैयार होगा सभी शिक्षकों का ‘मास्टर डाटा’
भागलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के शिक्षा विभाग में 98 लाख रुपये के फर्जी शिक्षक वेतन भुगतान घोटाले का खुलासा होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
इस महाघोटाले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सख्त हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक तरफ जहां निगरानी विभाग ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं दूसरी तरफ विभाग ने भविष्य में ऐसे घोटालों को रोकने के लिए जिले के सभी शिक्षकों का डिजिटल ‘मास्टर डाटा’ तैयार करने का निर्णय लिया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, बिना किसी वैध दस्तावेज और बिना ड्यूटी किए कतिपय लोगों के बैंक खातों में लाखों रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी। इस मामले में अब बहुआयामी जांच चल रही है। घोटाले में संलिप्त अधिकारियों, बाबुओं और अवैध रूप से लाभ पाने वाले लोगों के खिलाफ निगरानी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। शिक्षा विभाग के संबंधित बैंक खातों के पिछले कुछ वर्षों के लेन-देन को खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फर्जीवाड़े की यह जड़ कितनी गहरी है। इस जालसाजी पर स्थायी रूप से नकेल कसने के लिए शिक्षा विभाग अब जिले के सभी प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का एक सेंट्रलाइज्ड मास्टर डाटा बेस तैयार कर रहा है। इसमें हर शिक्षक के नियोजन पत्र, आधार, पैन और बैंक खाते को आपस में लिंक किया जाएगा, जिससे भविष्य में ऐसी अवैध निकासी मुमकिन न हो सके।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा है कि 98 लाख रुपये के फर्जी वेतन भुगतान का मामला बेहद गंभीर है। इस पूरे सिंडिकेट में शामिल विभागीय कर्मियों और बैंक अधिकारियों की मिलीभगत की गहराई से जांच की जा रही है। निगरानी विभाग ने केस दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विभाग की पहली प्राथमिकता दोषियों को चिह्नित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करना और अवैध रूप से निकाली गई पूरी राशि की रिकवरी करना है। भविष्य में ऐसी वित्तीय अनियमितता दोबारा न हो, इसके लिए जिले के सभी शिक्षकों का डिजिटल मास्टर डाटा तैयार किया जा रहा है। जांच की जद में आने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन के इस सख्त रुख और संपत्ति कुर्क कर रिकवरी करने की चेतावनी से फर्जीवाड़ा करने वाले रैकेट में हड़कंप मचा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर