सारण के 20 केंद्रों पर 9,321 अभ्यर्थी देंगे सहायक अवर निरीक्षक पद के लिए परीक्षा

 






सारण, 20 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित बिहार पुलिस रेडियो में सहायक अवर निरीक्षक पद की प्रारंभिक लिखित परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने हेतु सारण जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 22 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने प्रेक्षागृह में सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंटेशन, ई-प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र की गहन जांच की जाए। साथ ही फोटोग्राफर एवं वीडियोग्राफर की भी शारीरिक जांच करने और केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज करने का आदेश दिया गया है।

परीक्षा एकल पाली में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय पूर्वाह्न 09:30 बजे निर्धारित है। जिला मुख्यालय में बनाए गए 20 केंद्रों पर कुल 9,321 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट और वीडियोग्राफी की पुख्ता व्यवस्था रहेगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था हेतु स्टैटिक, जोनल व उड़नदस्ता दंडाधिकारियों के साथ एक- चार सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल, ब्लूटूथ, चाकू या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

सदर छपरा के परीक्षा केंद्रों की 500 गज की परिधि में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। किसी भी सहायता या सूचना हेतु सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष 06152-242444 स्थापित किया गया है, जो परीक्षा के दिन सुबह 07:30 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक सक्रिय रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार