8वीं सारण जिला योगा चैंपियनशिप 2026 का छपरा में हुआ आयोजन
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में 8वीं सारण जिला योगा चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ चांदमारी रोड स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में हुआ। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों एवं खेल संस्थानों से आए लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। विद्यालय के चेयरमैन डॉ हरेंद्र सिंह एवं प्राचार्य मुरारी सिंह ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन, अनुशासन और आत्मविश्वास का आधार है।
विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार एवं डॉ विशेश्वर राय उर्फ विक्की आनंद ने युवाओं को योग को दैनिक जीवनशैली में अपनाने का संदेश दिया।
समारोह में विभिन्न खेल संस्थाओं के पदाधिकारी व सदस्य सेवानिवृत्ति पीटीआई डॉ सुरेश प्रसाद सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो युवाओं को शारीरिक-मानसिक रूप से सशक्त बनाकर राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करता है।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने कठिन योगासनों की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। इस सफल आयोजन में एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ विकाश कुमार सिंह, सचिव यशपाल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ देव कुमार, संगीता सिंह तथा कोषाध्यक्ष प्रीति सिंह सहित सभी पदाधिकारियों की सक्रिय एवं भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार