आठवां वेतन आयोग लागू करने और ठेका प्रथा बंद करने की मांग उठी
सुपौल, 22 नवंबर (हि.स.)। बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा सुपौल का पांचवां जिला सम्मेलन रविवार को जिला मंत्री सूर्य नारायण राम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार, डीडीसी इंद्रवीर कुमार, एडीएम सच्चिदानंद सुमन, एसडीएम मनोहर कुमार साहु सहित कर्मचारी नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, अधिकारों तथा संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में आठवां वेतन आयोग लागू करने, ठेका प्रथा बंद करने सहित कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। स्वागत भाषण सीडी सिंह ने दिया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है।
एसडीएम मनोहर कुमार साहु ने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर एकजुट होना संगठन की मजबूती का परिचायक है। वहीं एडीएम सच्चिदानंद सुमन ने कहा कि किसी भी संस्था के सुचारु संचालन के लिए संगठन का होना आवश्यक है। कर्मचारी किसी भी व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने सम्मेलन में आमंत्रित किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों का वे समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाना चाहिए।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने कर्मचारियों को कार्यालय संचालन की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए महासंघ के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संघ एकता का प्रतीक है और इस तरह के सम्मेलन आयोजित होते रहने चाहिए। सम्मेलन में एनपीएस, पेंशन योजना, छुट्टी, वेतन सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि किसी भी कार्यालय में फाइल लंबित रहने से कर्मचारी असंतुष्ट नहीं रहें, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए। कर्मियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए तथा सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी भी इसी समाज का हिस्सा हैं और समाज के लोग ही सरकारी कार्यों को संचालित करने के लिए कार्यालयों तक पहुंचते हैं। संगठन में युवा कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि वे आगे आकर संगठन को मजबूत बना सकें।
जिला मंत्री सूर्य नारायण राम ने सम्मेलन की सफलता के लिए कर्मचारियों के सहयोग और जिलाधिकारी के समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महासंघ की भूमिका एवं कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शरद कुमार, प्रदेश महामंत्री सुवेश कुमार मोहन मुरारी, सुधीर गांधी, सूर्य नारायण राम, सीडी सिंह, विनोदानंद झा, विभूति कुमार, मनोज कुमार, डॉ. अमन कुमार, नीलम, विनोद कुमार यादव, पंचानंद पासवान, अमर कुमार, सरोज कुमार, रंजन कुमार, सुभाष वर्मा, मंजूर आलम, डॉ. गौतम, फूल जी, गणपत झा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं महासंघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र