79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, लाइव प्रसारण का निर्णय
कटिहार, 24 जुलाई (हि.स.)। विकास भवन के सभागार में आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस को अत्यंत भव्य और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए, जहां पिछले वर्ष के फीडबैक के आधार पर इस बार की तैयारियों को लेकर ठोस रणनीति बनाई गई।
बैठक के दौरान डीएम एवं एसपी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पूरी गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, वरीय अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थल राजेंद्र स्टेडियम की साफ-सफाई, रंग-रोगन, भाषण मंच के निर्माण और विशिष्ट अतिथियों के बैठने की जगह पर बैरिकेडिंग समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, विभिन्न पुलिस टुकड़ियों और एनसीसी के कैडेट्स द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की जाएगी।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सोशल मीडिया, फेसबुक, वेबकास्ट और केबल टीवी के माध्यम से किया जाएगा, ताकि आमजन अपने घरों से ही स्वतंत्रता दिवस के उल्लास का आनंद ले सकें।
बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित अन्य तमाम वरीय जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह