डायल 112 को मजबूत करने के लिए 70 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

 


किशनगंज, 09 मई (हि.स.)। जिले में आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ईआरएसएस) डायल 112 को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एसपी ने पुलिस निरीक्षक, सहायक निरीक्षक एवं पीटीसी स्तर के कुल 70 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया है।

सभी अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को एसपी संतोष कुमार ने बताया कि डायल 112 आम लोगों के लिए आपात स्थिति में पहली संपर्क सेवा है। ऐसे में इस व्यवस्था को मजबूत और संवेदनशील बनाने के लिए अनुभवी एवं जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी स्थानांतरित पदाधिकारी बिना किसी देरी के अपने नए कार्यस्थल पर पहुंचकर दायित्वों का निर्वहन करें। आदेश की अवहेलना या लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, इस व्यापक तबादले का मुख्य उद्देश्य जिले के डायल 112 केंद्रों पर मानव संसाधन को मजबूत करना है, ताकि पुलिस की प्रतिक्रिया समय को कम किया जा सके और आम नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके।सीमावर्ती जिला होने के कारण किशनगंज में आपातकालीन सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

हाल के दिनों में एसपी संतोष कुमार ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर कई कड़े कदम उठाए हैं। इनमें जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सुनना, थानों में नियमित रोल कॉल कराना तथा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक जैसे निर्णय शामिल हैं। माना जा रहा है कि इस नई पहल से डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन संभव हो सकेगा और जरूरतमंदों तक पुलिस सहायता तेजी से पहुंचेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह