दो ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर, आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल

 


भागलपुर, 24 जून (हि.स.)।

भागलपुर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक कचहरी चौक के समीप बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ दो ई-रिक्शा के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। बताया जा रहा है कि एक ई-रिक्शा तिलकामांझी की तरफ से तेज गति में आ रहा था। कचहरी चौक के पास पहुंचते ही अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा सीधे सामने से आ रहे दूसरे ई-रिक्शा में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ई-रिक्शा के सड़क पर ही पलट गए।

हादसा होते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों की तत्परता से ई-रिक्शा के नीचे दबे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां कुछ यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर