छपरा में 22 जुलाई से दो बैचों में ट्रेंड होंगे जनगणना के 622 क्षेत्रीय अधिकारी

 




सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। जनगणना के दूसरे चरण को त्रुटिरहित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के निर्माण और डेटा संकलन की बारीकियों को समझाने के लिए 22 जुलाई से छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो रहा है, जो 28 जुलाई तक चलेगा।

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी के आदेशानुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो अलग-अलग बैचों में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जिला अतिथि गृह के सभागार और मीटिंग हॉल को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इसमें कुल 622 चार्ज और क्षेत्रीय अधिकारियों को ट्रेंड किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले इस सत्र में जनगणना निदेशालय द्वारा प्रतिनियुक्त मास्टर ट्रेनर अदिति आनंद, आयुषी सिंह, लक्ष्मी मिश्रा एवं शंकर शरण श्रीवास्तव डेटा संकलन के तकनीकी पहलुओं और कड़े नियमों की जानकारी देंगे।

प्रशिक्षण के सुचारू संचालन के लिए एडीएम मुकेश कुमार को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, जिला सूचना अधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी और डीसीएलआर सह एसएलएमटी आलोक राज को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रतिभागियों के लिए पेयजल, भोजन, वाई-फाई, प्रोजेक्टर, बिजली और स्टेशनरी की व्यवस्था की गई है। साथ ही नगर निगम को साफ-सफाई, पुलिस विभाग को सुरक्षा बल और स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस व मेडिकल टीम तैनात रखने का निर्देश मिला है।

जिलाधिकारी स्वयं इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का अनुश्रवण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी है कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर त्रुटि, लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नामांकित अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार