ई-रिक्शा और बाइक की भीषण टक्कर, तीन युवकों समेत पांच घायल
भागलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत टड़वा के समीप मंगलवार को ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि टड़वा के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। घायलों की पहचान अंकित कुमार (17 वर्ष), सचिन कुमार (17 वर्ष), और हिंमाशु कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों युवकों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा पर सवार पीरपैंती बाजार निवासी मोहम्मद जब्बार की पुत्री बेबी करीना भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें भी डॉक्टरों ने भागलपुर रेफर कर दिया है। वहीं, ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शाहिद खान को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने पीरपैंती क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरा आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि सड़कों पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से वाहनों की गति सीमा तय करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर