पांच दिवसीय आचार्य प्रशिक्षण वर्ग प्रारंभ
भागलपुर, 20 मार्च (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर नरगा कोठी में भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार पटना के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को सरस्वती संस्कार/शिक्षा केंद्र आचार्य प्रशिक्षण वर्ग का प्रारंभ भागलपुर विभाग संयोजक लक्ष्मी नारायण डोकनिया, विद्यालय के सदस्य मधुसूदन झा, विभाग प्रमुख सतीश कुमार सिंह, संस्कार केंद्र प्रवासी कार्यकर्ता गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर लक्ष्मीनारायण डोकानिया ने कहा कि संस्कार केंद्र एक शिक्षक विद्यालय है। जहाँ सेवा बस्ती में शिक्षा से वंचित रहने वाले बच्चों का शिक्षा के साथ-साथ संस्कार प्रदान किया जाता है। इन केन्द्रों पर साक्षरता, स्वाध्याय, स्वावलंबन, संस्कृति, स्वदेश प्रेम एवं सामाजिक समरसता का अनौपचारिक शिक्षा प्रदान किया जाता है। यह संस्कार केंद्र पिछड़े एवं सेवा बस्तियों में नि:शुल्क चलाए जाते हैं। हमें आदिवासी क्षेत्र, पहाड़ी क्षेत्र एवं अन्य ऐसे क्षेत्रों को भी चुनना है, जहां अभी भी स्कूल नहीं है और बच्चे शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते हैं।
मधुसूदन झा ने आभार ज्ञापन करते हुए कहा कि हमें समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचना है। हमें ध्येय से लक्ष्य की प्राप्ति करना है। प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग 24 मार्च तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग है। इस प्रशिक्षण वर्ग में भागलपुर, बांका एवं मुंगेर विभाग के सरस्वती संस्कार केंद्र के आचार्य/आचार्या भाग ले रहे हैं। प्रस्तावना प्रवासी कार्यकर्ता परमेश्वर कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया एवं संचालन प्रवासी कार्यकर्ता गंगा चौधरी द्वारा किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर