53वें स्थापना दिवस के रंग में रंगा कटिहार: प्रभात फेरी से सजी सुबह, शाम को बहेगी सुरों की धारा
कटिहार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार जिले के 53वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में समाहरणालय परिसर से एक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसका विधिवत समापन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कटिहार में हुआ। प्रभात फेरी के उपरांत आईटीआई परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से पौधरोपण किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7:30 बजे समाहरणालय से प्रभात फेरी को रवाना किया गया। यह प्रभात फेरी शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए आंबेडकर चौक और हनुमान मंदिर से गुजरकर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के परिसर तक पहुँची। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
इसके पश्चात पूर्वाह्न 8:00 बजे औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रांगण में हरित अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। मौके पर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त एवं जिले के तमाम वरीय पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर जिलेवासियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
स्थापना दिवस समारोह की कड़ी में संध्या 5:30 बजे से स्थानीय टाउन हॉल में भव्य 'सांस्कृतिक संध्या' का आयोजन भी तय है। इस दौरान पूर्वी क्षेत्रीय एवं उत्तर मध्य सांस्कृतिक क्षेत्र सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा गायन व नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा पेंटिंग कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह