एसएसबी और फुलकाहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 517 किलो गांजा और पिकअप वाहन जब्त

 


अररिया 10 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी फुलकाहा कि टीम ने स्थानीय थाना पुलिस के साथ गुरुवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पिकअप गाड़ी पर लदे 517 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। विशेष संयुक्त नाका पार्टी ने भवानीपुर के पास से कुल 517.680 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी संख्या बीआर50जीबी 1486 को जब्त करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी एसएसबी 56 वीं वाहिनी मुख्यालय से जारी प्रेस रिलीज के माध्यम से देते हुए बताया गया कि गुरुवार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि नेपाल से सीमा पार कराकर संदिग्ध सामग्री भारत की तरफ लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 56वीं वाहिनी SSB की आई समवाय फुलकाहा और फुलकाहा पुलिस थाना की एक विशेष संयुक्त नाका टीम गठित की गई।

सुबह साढ़े चार बजे के करीब भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 191/07 से करीब ढाई किलोमीटर भारत की तरफ भवानीपुर वार्ड संख्या 01 के पास एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को आते देखा गया। संयुक्त टीम ने जब वाहन को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।सुरक्षा बल के जवानों द्वारा तत्परता से पीछा किए जाने पर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसके अंदर से प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 21 बोरी गांजा बरामद हुआ। मादक पदार्थ जांच किट से परीक्षण के बाद वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 517.680 किलो पाई गई।

जब्त किए गए गांजे और पिकअप वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद फुलकाहा थाना के सुपुर्द किया गया। फरार चालक एवं तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य असमाजिक तत्वों की तलाश की जा रही है।

इस सफल संयुक्त अभियान में एसएसबी की ओर से एक सहायक उप निरीक्षक सहित चार कार्मिक तथा बिहार पुलिस की ओर से दी सब इंस्पेक्टर सहित आठ पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर