51 खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद, असली धारकों को सौंपे

 




किशनगंज, 25 अगस्त (हि.स.)।

किशनगंज पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से खोए, गुमशुदा और चोरी हुए 51 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को पुलिस कार्यालय में सौंपा। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एसपी ने सभी थानों के अपर थानाध्यक्षों और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित की थी।

टीम ने सीईआईआर पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर मोबाइल फोन की तलाश की। पुलिस के अनुसार किशनगंज थाना क्षेत्र से 20, कोचाधामन से छह, टेढ़ागाछ से पांच, ठाकुरगंज से पांच, पोठिया से तीन, कोढोबारी से तीन, गलगलिया से तीन, बहादुरगंज से दो, फतेहपुर से दो, बिबीगंज से एक और पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र से एक मोबाइल बरामद किया गया। बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं।

एसपी संतोष कुमार ने अभियान में शामिल जिला आसूचना इकाई और संबंधित थानों के अपर थानाध्यक्षों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत करें।

पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोटिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह