45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह को विदाई

 




सुपौल, 21 नवंबर (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह के तीन वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा होने एवं स्थानांतरण के अवसर पर शनिवार को वाहिनी परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

इस दौरान अधिकारियों, जवानों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने कमांडेंट गौरव सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने गौरव सिंह के सफल कार्यकाल, उत्कृष्ट सेवाओं एवं वाहिनी के प्रति उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर कमांडेंट गौरव सिंह ने वाहिनी के सभी अधिकारियों, कार्मिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण सत्यनिष्ठा, निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें तथा उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से वाहिनी का गौरव बढ़ाते रहें। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग को याद करते हुए सभी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में वाहिनी के समस्त अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बल कार्मिक उपस्थित रहे। मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों ने कमांडेंट गौरव सिंह के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके आगामी दायित्वों के सफल निर्वहन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र