परसा में 43वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न

 




सारण, 07 जून (हि.स.)। परसा सारण जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में स्थानीय हाई स्कूल स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 43वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हो गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री सह विधायक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक मंटू सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत सराहनीय है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। उन्होंने एथलेटिक्स संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जैसे पत्थर को तराश कर हीरा बनाया जाता है। दो दिनों तक चली विभिन्न स्पर्धाओं के बाद बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर मकेर क्लब के रोहित कुमार को बेस्ट पुरुष खिलाड़ी सबसे तेज धावक और स्टूडेंट क्लब अमनौर की रुखसार खातून को बेस्ट महिला खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। 100 मीटर पुरुष दौड़ में रोहित कुमार पहले, अमनौर के आदित्य दूसरे और छपरा के छोटू कुमार राय तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर 14 गर्ल्स कोटि में साथी क्लब छपरा चैंपियन बना। वहीं अंडर 14 बॉयज, अंडर 16 गर्ल्स व बॉयज सहित महिला और पुरुष वर्ग में स्टूडेंट क्लब अमनौर ने बाजी मारी। शानदार प्रदर्शन की बदौलत अमनौर ने अपना ओवरऑल चैंपियन होने का रिकॉर्ड बरकरार रखा। इससे पूर्व आयोजन सचिव रोहित यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह ने स्वागत भाषण और सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन पढ़ा। मौके पर संयोजक विपिन कुमार, मुखिया सुशील कुमार सिंह, श्यामदेव सिंह, राजकिशोर तिवारी, निर्मल ठाकुर, नीलाभ गुंजन राका, दिनेश जी और संजय कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन अमित सौरभ ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार