सारण हिंसा में अब तक 4 प्राथमिकी दर्ज, 2500 अज्ञात और 186 हिरासत में, 56 गिरफ्तार
सारण, 27 जुलाई (हि.स.)। पेपर लीक मामले में 25 जुलाई को आयोजित प्रदर्शन के दौरान हुई विधि-व्यवस्था संबंधी घटनाओं को लेकर सारण पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस मामले में अब तक कुल चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इन प्राथमिकियों में 186 नामजद तथा लगभग 2500 अज्ञात को आरोपित बनाया गया है।
मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने 196 व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ एवं आवश्यक सत्यापन किया। उपलब्ध साक्ष्यों एवं विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए 56 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, शेष 140 व्यक्तियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर उन्हें नियमानुसार बंधपत्र पर मुक्त कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल अफवाह, संदेह या सोशल मीडिया की सामग्री के आधार पर किसी पर कार्रवाई नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया वीडियो फुटेज, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों के निष्पक्ष परीक्षण पर आधारित है। हिंसा में लिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी, जबकि बेकसूरों को पूरी राहत दी जाएगी। पुलिस ने छात्रों व आम नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार