चार आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

 




सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज प्रखंड के बाल विकास परियोजना प्रतापगंज के अंतर्गत मंगलवार को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस अंजू कुमारी ने चार आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 26, 90, 91 एवं 95 का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर सेविका एवं सहायिका उपस्थित मिलीं। पदाधिकारी ने केंद्रों पर बच्चों द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

उन्होंने सेविका एवं सहायिकाओं को निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित समय पर नाश्ता एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालय पूर्व शिक्षा के तहत ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण संचालन करने को कहा।

उन्होंने बच्चों की स्वच्छता, साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। पोषण क्षेत्र के सभी पात्र लाभुकों के बीच एफआरएस के माध्यम से टेक होम राशन का नियमित वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रत्येक केंद्र से आठ पात्र लाभुकों तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत प्रत्येक केंद्र से तीन पात्र लाभुकों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सभी सेविकाओं को विभागीय मार्गदर्शिका के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं महिला पर्यवेक्षिकाओं को केंद्रों का नियमित एवं गंभीरतापूर्वक निरीक्षण और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को आंगन ऐप के माध्यम से निरीक्षण के दौरान ईसीसीई गतिविधियों से संबंधित प्रतिवेदन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने को भी कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र