सड़क दुघर्टना में 3 युवक घायल

 


भागलपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के दोगच्छी में हुए सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना बीते देर रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी।

इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। दो बाइक पर सवार चार युवक किसी तिलक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान दोगच्छी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों की पहचान त्रिपुरारी कुमार, हरियो (अकबरनगर निवासी, स्व. प्रमोद रॉय के पुत्र), मंगल कुमार, रविशंकर सहित एक अन्य युवक के रूप में हुई है। घटना के बाद दोगच्छी निवासी सुनील यादव ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिलने पर नाथनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नाथनगर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

डॉक्टरों के अनुसार तीन युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय युवक शराब के नशे में थे, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को मायागंज अस्पताल भेजा गया है पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर