नरगाकोठी विद्यालय में तीन दिवसीय आचार्य कार्यशाला संपन्न
भागलपुर , 01 अप्रैल (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर एवं पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर नरगाकोठी भागलपुर में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला बुधवार को संपन्न हो गया। समापन दिवस का प्रारंभ विद्यालय के अध्यक्ष डॉ चंद्रभूषण सिंह, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह, प्रभारी ममता जायसवाल, कार्यशाला प्रमुख विनोद पांडे, कार्यशाला सह प्रमुख अभिजीत आचार्य, डॉ संजीव कुमार झा एवं अजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर डॉ चंद्र भूषण सिंह ने कहा कि प्रसन्नता का विषय है कि इस कार्यशाला में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरे वर्ष की योजनाओं का निर्माण किया गया। छात्र अनुकरणशील होते हैं। अतः आचार्यों के साथ अभिभावकों की सक्रियता सकारात्मक सोच होनी चाहिए। शिक्षा के सार्थक उद्देश्य को जानना आवश्यक है। छात्रों के शारीरिक मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए संतुलित आहार की भी आवश्यकता है। केवल डॉक्टर, इंजीनियर बनना ही पर्याप्त नहीं है। छात्रों में नैतिकता, दया, क्षमा, परोपकार, कर्तव्य निष्ठा का विकास आवश्यक है। प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम उद्देश्य से युक्त हो। कला, संगीत, खेलकूद, शारीरिक एवं वंदना में भाग लेने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करना है। वर्ष में दो बार अभिभावक संपर्क, अभिभावक गोष्ठी होनी चाहिए। छात्रों के अंदर गृह कार्य बनवाने एवं उसके निरीक्षण का कार्य होना चाहिए। आज का कार्यक्रम चार सत्रों में संपन्न हुआ जिसमें वार्षिकोत्सव, अभिभावक संपर्क, गोष्ठी, सम्मेलन, मातृ गोष्टी, गुरु पूर्णिमा उत्सव, मातृ संगठन की योजना, प्रांतीय प्रतियोगिताओं, परिणाम, उपलब्धि, सेवा कार्य, आचार्य कल्याण कोष, संस्कृति ज्ञान परीक्षा, केंद्रीय आधारभूत विषय, शुद्ध एवं सुंदर लेखन, नवीन प्रयोग, संस्कार केंद्र, सेवा प्रकल्प पर विस्तार पूर्वक चिंतन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर