मखाना संग मछली पालन सीखने पूर्वी चंपारण रवाना हुआ भागलपुर के 38 किसानों का दल

 




भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आमदनी दोगुनी करने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण भागलपुर की ओर से एक विशेष पहल की गई है। इसके तहत 'मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली' पर चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के लिए जिले के 38 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों के दल को तिलकामांझी स्थित कृषि भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर पूर्वी चंपारण के लिए रवाना किया गया।

यह चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक पूर्वी चंपारण के पिपराकोठी स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध पंडित दीन दयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय में आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान कृषि वैज्ञानिक किसानों को मखाना की वैज्ञानिक खेती के साथ-साथ मत्स्य पालन (मछली पालन) को जोड़कर समेकित कृषि प्रणाली विकसित करने की बारीकियां सिखाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को ऐसी व्यावहारिक तकनीकों से परिचित कराना है, जिससे वे एक ही जलीय कृषि व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकें।

कृषि भवन परिसर से दल को विदा करते समय आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

इस प्रशिक्षण दल में विभिन्न प्रखंडों के युवा व प्रगतिशील किसान शामिल हैं। विभाग को उम्मीद है कि प्रशिक्षण से लौटने के बाद ये किसान अपने क्षेत्र में अन्य कृषकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगे और जिले में मखाना आधारित समेकित खेती को बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर