सैनिक स्कूल नरगाकोठी में 37वें प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद समारोह का भव्य आगाज

 


भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के तत्वावधान में शनिवार को गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, नरगाकोठी (चंपानगर) में 37वें प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद समारोह का शानदार शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, संरक्षक लक्ष्मीनारायण डोकानिया, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, सह प्रांत प्रचारक आशीष कुमार, प्रांत सह कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त, प्रख्यात समाजसेवी अतुल ढांढनियाँ एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सह प्रांत प्रचारक आशीष कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया गया और प्रांत सह कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त ने प्रतियोगिता के विधिवत उद्घाटन की घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कहा कि सृजनहीन विज्ञान का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने 'स्वस्थ शरीर, निरोगी काया' का संदेश देते हुए कहा कि हमारी पहली शिक्षा अपने शरीर को स्वस्थ रखना होना चाहिए। खेल हमारे तन और मन दोनों को ऊर्जावान बनाते हैं।

विद्या भारती के छात्र प्रतिवर्ष एसजीएफआई में पुरस्कृत होकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल का मुख्य उद्देश्य केवल जीतना ही नहीं, बल्कि निरंतर सीखना भी है। प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने विद्या भारती के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोरखपुर के एक छोटे से सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू हुआ यह सफर आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है। विद्या भारती आज अपने स्थापना के 74वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, नैतिक और आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से ही छात्रों का पंचकोश विकास संभव है। उन्होंने बिहार सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। अब यहाँ के खिलाड़ी एशियाड और ओलंपिक तक पहुँच रहे हैं। प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के समापन के बाद, यहाँ से चयनित सफल प्रतिभागी झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसके बाद, क्षेत्रीय स्तर पर बाजी मारने वाले खिलाड़ी गाजियाबाद में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता में शामिल होकर एसजीएफआई में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इस तीन दिवसीय खेलकूद महाकुंभ में बिहार के 17 जिलों और 7 विभागों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राएं (भैया-बहन) और उनके संरक्षक आचार्य भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंच का कुशल संचालन बांका के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कराया।

इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा, कोषाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद, विभाग निरीक्षक उमाशंकर पोद्दार, धरणीकांत पांडेय, सतीश कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार, गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार, लाल बाबू प्रसाद, राकेश पांडेय, दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्रा, ममता जायसवाल, डॉ. संजीव झा, अभिजीत आचार्य और मंजीत झा सहित भारी संख्या में खेलप्रेमी और प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर