मैरवा में ट्रक से विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 

सीवान, 01 जुलाई (हि.स.)। सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 364.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 4:15 बजे मैरवा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धरनी छापर चेक पोस्ट के रास्ते एक ट्रक में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धरनी छापर चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन से 364.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

मौके से उत्तर प्रदेश के शामली जिले के मंडी समिदी थाने के मंडी समिदी निवासी मुशदीलाल के पुत्र जयप्रकाश एवं जयप्रकाश के पुत्र सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी ने बताया कि इस मामले में मैरवा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड भी जब्त किए हैं।

एसपी पूरन कुमार झा ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब, स्मैक, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, निर्माण, खरीद-बिक्री या सेवन की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 एवं 9031832789 पर दें, ताकि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma