सारण के सीपीएस में 32वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का हुआ आयोजन

 






सारण, 24 जुलाई (हि.स.)। 32वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के आयोजन और वैज्ञानिक परियोजनाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से सेंट्रल पब्लिक स्कूल छपरा में शिक्षक प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ हरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि गंगा सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ परमेन्द्र रंजन सिंह का स्वागत किया।

डॉ हरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने पर बल दिया। मुख्य अतिथि डॉ परमेन्द्र रंजन सिंह ने निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार विषय पर प्रकाश डालते हुए शोध पद्धति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञ वक्ताओं डॉ पंकज कुमार सिंह, डॉ नवीन कुमार ओझा, कुमार मयंक, जितेन्द्र कुमार, अमित कुमार और यशपाल सिंह ने अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, कृषि, स्वास्थ्य और पारंपरिक ज्ञान जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर साइंस फॉर सोसाइटी सारण के कोषाध्यक्ष डॉ सुरेश प्रसाद सिंह सहित कई व्यक्ति उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने इस शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ विकास कुमार सिंह ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार