कर्तव्य में लापरवाही पर 30 पंचायत सचिव निलंबित

 


किशनगंज, 25 मई (हि.स.)। जिले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं लगातार अनधिकृत अनुपस्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा विभिन्न प्रखंडों में पदस्थापित 30 पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पंचायत सचिवों पर हड़ताल पर रहने, कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने तथा पंचायत स्तर के सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है।

डीएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पंचायत सचिवों की अनुपस्थिति के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, वंशावली तैयार करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, षष्ठम राज्य वित्त आयोग योजना, 15वें वित्त आयोग योजना तथा मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना सहित पंचायत स्तर के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे थे। इसके अलावा भारत की जनगणना 2027 से जुड़े कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासनिक आदेश में उल्लेख किया गया है कि बिहार ग्राम पंचायत सचिव (नियुक्ति, अधिकार एवं कर्तव्य) नियमावली 2011 के तहत पंचायत सचिवों को निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना अनिवार्य है। इसके बावजूद संबंधित पंचायत सचिव लगातार अपने कर्तव्यों से अनुपस्थित पाए गए, जो बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1976 के नियम 3(1) का उल्लंघन माना गया।

निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार पटना के निर्देश के आलोक में बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न प्रखंडों के पंचायत सचिवों का मुख्यालय भी निर्धारित किया गया है। ठाकुरगंज के पंचायत सचिवों का मुख्यालय पोठिया, बहादुरगंज के पंचायत सचिवों का टेढ़ागाछ, टेढ़ागाछ के पंचायत सचिवों का कोचाधामन, कोचाधामन के पंचायत सचिवों का बहादुरगंज, किशनगंज के पंचायत सचिवों का दिघलबैंक, दिघलबैंक के पंचायत सचिवों का ठाकुरगंज तथा पोठिया के पंचायत सचिवों का मुख्यालय किशनगंज प्रखंड निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि संबंधित पंचायत सचिवों के विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर 24 घंटे के भीतर जिला पंचायत शाखा को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह