तीस दिवसीय महिला रग्बी फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का हुआ शुभारंभ
सीवान, 12 सितंबर (हि.स.)। बिहार राज्य रग्बी फुटबॉल संघ के तत्वावधान एवं सीवान जिला रग्बी फुटबॉल संघ के संरक्षण में आरएलबीएसए फाउंडेशन द्वारा आयोजित 30 दिवसीय महिला रग्बी फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शनिवार को मैरवा में हुआ।
शिविर का उद्घाटन सीवान जिला रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव संतोष कुमार सिंह ने खेल मैदान की पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया। शिविर के आयोजन अध्यक्ष संजय पाठक ने बताया कि प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी खगड़िया जिले के वरिष्ठ रग्बी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक विनोद कुमार को दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क है। शिविर में अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग की करीब तीन दर्जन महिला खिलाड़ी नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रही हैं।
इस अवसर पर जिला सचिव संतोष कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें और जिला एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि संघ की ओर से खिलाड़ियों को उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सीनियर खिलाड़ी निक्की कुमारी, संचालन प्रबंधक सलमा खातून, निशा कुमारी, बसंत कुमार पाठक, रंजीत लकड़ा एवं मधुमिता पाईक सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma