छपरा में परीक्षा में धांधली करते 3 गिरफ्तार
सारण, 30 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद की लिखित परीक्षा के दौरान पुलिस ने कदाचार का प्रयास विफल कर दिया है। नगर थाना क्षेत्र के जगलाल राय कॉलेज राउजा परीक्षा केंद्र पर वीक्षक और दंडाधिकारी ने ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए चोरी कर रहे परीक्षार्थी राज कुमार वैशाली को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गहन जांच और पूछताछ के दौरान इस धांधली में सहयोग दे रहे दो अन्य आरोपितों सुरविन्द्र कुमार और अमित कुमार दोनों पातेपुर वैशाली निवासी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक ब्लूटूथ डिवाइस भी बरामद की है।
इस संबंध में नगर थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की अनियमितता या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार