नेपाली शराब बरामद, तस्कर फरार

 


सुपौल, 21 जून (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 263 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर हरिपुर झरका गांव में की गई।

जानकारी के अनुसार, रतौली पंचायत के हरिपुर झरका वार्ड संख्या 16 में पुलिस टीम छापेमारी के लिए पहुंची। पुलिस को देखते ही शराब तस्कर अपनी काले रंग की अपाचे बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बाइक पर दो बैग लदे हुए थे, जिनकी तलाशी लेने पर 263 बोतल नेपाली निर्मित दिलवाले सोफिया शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से शराब के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र