फंदे से लटकी मिली 21 वर्षीय मुस्कान, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
भागलपुर, 13 जून (हि.स.)।जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज गंगटी इलाके में शनिवार को एक 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत का मामला सामने आया है।
मृतका की पहचान राजा कुमार पासवान की पत्नी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुस्कान ने अपने घर में फंदे से झूलकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मुस्कान के मायके वाले मुंगेर से भागलपुर पहुंचे। परिजन का आरोप है कि दहेज को लेकर ससुराल वालों ने मुस्कान की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है।
मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर