20 हजार का इनामी शराब तस्कर गिरफ्तार

 


पूर्वी चंपारण,11 मई (हि.स.)।जिले के चिरैया थाना की पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से 20 हजार के इनामी शराब तस्कर राजा बाबू को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि राजा मधनिषेध से जुड़े विभिन्न कांडों में फरार चल रहा था। इसके उपर मोतिहारी पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार अभियुक्त राजा चिरैया थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव निवासी स्व. राम अयोध्या राय के पुत्र है।

चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था। वही उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस अभिलेख के अनुसार राजा बाबू के विरुद्ध चिरैया थाना में मध निषेध के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। वही दूसरी कार्रवाई में चिरैया पुलिस ने एक अन्य इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान थाना क्षेत्र के सपगढ़ा गांव निवासी स्व. लखराज राय के पुत्र शंभू राय के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार शंभू राय के खिलाफ चिरैया थाना में मद्य निषेध तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा अन्य कई मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में शराब एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार