छठ-दिवाली पर कटिहार रेल मंडल चलाएगा 19 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
कटिहार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल ने 19 जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन की व्यवस्था की है, जबकि 11 जोड़ी अन्य स्पेशल ट्रेनें इस मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इसके साथ ही यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और रेल सेवाओं में सुधार के उद्देश्य से मंगलवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां रेलवे अधिकारियों ने सीधे यात्रियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए कटिहार मंडल से देश के प्रमुख महानगरों के लिए विशेष ट्रेनों की समय-सारणी तैयार की गई है। इनमें कटिहार से मुंबई सेंट्रल, अमृतसर और यशवंतपुर (बेंगलुरु) के लिए सीधी विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा जोगबनी से आनंद विहार टर्मिनस (दिल्ली), पूर्णिया कोर्ट से फिरोजपुर तथा स्थानीय स्तर पर सबौर, भागलपुर, मनिहारी और पूर्णिया रूटों पर भी विशेष सेवाएं दी जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर इन सभी विशेष ट्रेनों में वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं ताकि त्योहार में घर लौटने और वापस कार्यस्थल जाने वाले यात्रियों को अधिक से अधिक कंफर्म विकल्प मिल सकें।
कटिहार रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर किशनगंज स्टेशन पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार तिवारी ने किया, जिसमें वाणिज्य निरीक्षक हरि ओम कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद कर उनकी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लिया। सीनियर डीसीएम ने बताया कि यह जन संवाद अभियान आगामी 22 अक्टूबर तक मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर निरंतर चलेगा, जिससे यात्रियों की समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी निराकरण किया जा सके और रेल प्रशासन व यात्रियों के बीच बेहतर तालमेल कायम हो।
व्यापारियों की सुविधा और माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए रेलवे की ओर से एक नई ऐप भी शुरू की गई है, जिसके जरिए दर्ज मामलों का समाधान मंडल, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर पूरी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय रेलवे के अधिकृत टोल-फ्री नंबर 139 से स्पेशल ट्रेनों की जानकारी लें और सुविधाओं का लाभ उठाएं। डीआरएम किरेंद्र नरह के मार्गदर्शन में त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन के लिए स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह