सारण में 18 जुलाई से शुरू होगी 18वीं राज्य स्तरीय रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप
सारण, 16 जुलाई (हि.स.)। साइक्लिंग संघ के तत्वावधान में आगामी 18 एवं 19 जुलाई को 18वीं राज्य सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। संघ के अध्यक्ष डॉ देव कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस दो दिवसीय चैंपियनशिप में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 250 प्रतिभाशाली साइक्लिस्ट भाग लेंगे।
इस प्रतियोगिता में सारण के दुबौली की रहने वाली अंतर्राष्ट्रीय महिला साइक्लिस्ट सुहानी कुमारी समेत राज्य के कई राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आशीष कुमार को पी.सी.पी. और एनआईओएस प्रशिक्षक आशीष कुमार को रेस डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
अध्यक्ष डॉ देव कुमार सिंह के अनुसार प्रथम दिन 18 जुलाई को विभिन्न आयु वर्गों के लिए व्यक्तिगत समय स्पर्धा और दूसरे दिन 19 जुलाई को विभिन्न आयु वर्गों की सामूहिक प्रयास प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक दिन की समाप्ति पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
डॉ सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, रूट मैनेजमेंट, चिकित्सा और निष्पक्ष तकनीकी व्यवस्था की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति पीटीआई एवं संघ के संरक्षक सुरेश प्रसाद सिंह, सचिव संजीव कुमार चौधरी एवं अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार