पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत 17,579 आवास पूर्ण, लाभुकों को सौंपी गई आवास की चाबी
दरभंगा, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में अब तक 17 हजार 579 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी क्रम में गुरुवार को दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर पूर्ण आवासों के लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी तथा नव चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा बिहार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण का लक्ष्य आवंटित किए जाने की जानकारी दी गई। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लाभुकों को स्वीकृति पत्र एवं गृह चाबी का वितरण किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, जिलाधिकारी कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त स्वप्निल सहित संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दरभंगा सदर प्रखंड के लाभुक रेणु देवी, दुखी कुमार यादव, नरगिस परवीन, फूल कुमारी, उमेश महतो, रंजीत महतो, विमल देवी एवं आरती देवी को राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधायक राजेश कुमार मंडल एवं जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी प्रदान की।
वहीं, बहादुरपुर प्रखंड के राम प्रकाश यादव, राम बिनाय यादव, राम ललन सिंह, अजय सहनी, हरिश्चंद्र झा, राम पदारत झा, श्याम कुमार भारती, प्रीतम यादव, सुरेश शर्मा एवं शत्रुघ्न यादव सहित अन्य लाभुकों को भी योजना के तहत गृह प्रवेश, आवास की चाबी एवं स्वीकृति पत्र वितरित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को पक्का, सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने लाभुकों से आवास का बेहतर रखरखाव करने तथा सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra