इस साल माहेश्वरी एकेडमी में होगा 15 अगस्त का मुख्य समारोह
कटिहार, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने मुख्य कार्यक्रम के स्थल में बड़ा बदलाव किया है। अपरिहार्य कारणों के चलते इस वर्ष जिला स्तरीय मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह पारंपरिक राजेंद्र स्टेडियम, कटिहार की बजाय माहेश्वरी एकेडमी के मैदान में आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जारी आदेश में बताया गया है कि हर वर्ष की भांति मुख्य समारोह का आयोजन राजेंद्र स्टेडियम में करने का निर्णय लिया गया था, जिसे अब बदल दिया गया है और अब 15 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम का आयोजन इसी नए स्थल पर किया जाएगा।
समारोह के सफल और सुचारू आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है। कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, कटिहार को निर्देशित किया गया है कि वे 15 अगस्त के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम के लिए माहेश्वरी एकेडमी के मैदान में मंच के साथ-साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, नगर आयुक्त, नगर निगम, कटिहार को कार्यक्रम स्थल पर विशेष साफ-सफाई के साथ-साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह